पल्स पोलियो अभियान की तैयारी को लेकर जिला टास्क फोर्स की हुई बैठक

Update: 2025-12-17 09:29 GMT

बलौदाबाजार। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस अंतर्गत पल्स पोलियो अभियान के क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति दीपक सोनी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, कार्ययोजना तथा अंतरविभागीय समन्वय से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर ने अभियान के दौरान सभी विभागों से आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि जिले में पल्स पोलियो अभियान को पूर्ण सफलता मिल सके।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि जिले में सभी ग्रामों, वार्डों में बूथ दलों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई है। बैठक में विकासखंडवार अभियान के क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना, कार्यप्रणाली एवं तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बताया गया कि पोलियो बूथ आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं पंचायत भवनों में स्थापित किए जाएंगे।

बैठक में बताया गया कि पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 21 दिसंबर 2025 को प्रारम्भ किया जाएगा जिसमें 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। अभियान के प्रथम दिवस बच्चों को पोलियो बूथों पर दवा पिलाई जाएगी जबकि 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को मॉप-अप दिवस के रूप में घर-घर भ्रमण कर शेष बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। जिले में कुल 180681 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें विकासखण्ड बलौदाबाजार में 41821, भाटापारा में 34045, कसडोल में 36455, पलारी में 33858 तथा सिमगा में 34502 बच्चे शामिल हैं।

Tags:    

Similar News

null