Collectorate में आयोजित की गई जिला रेडक्रॉस शाखा की बैठक

छग

Update: 2025-12-01 13:29 GMT
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शाखा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे विशेष तौर पर उपस्थित रहे। रेडक्रॉस के जिला समन्वयक लिंगराज पटेल ने आगामी वर्ष की योजनाओं और आवश्यक बिंदुओं को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया, जिन पर विस्तारपूर्वक चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत जिले में संचालित आशा निकेतन वृद्ध आश्रम सारंगढ़ की समीक्षा से हुई। समिति ने आश्रम के बेहतर संचालन एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु 5 अशासकीय सदस्यों की सहमति से संचालन करने का निर्णय लिया। अधिकारियों ने कहा कि वृद्ध आश्रम में सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम आवश्यक है। इसी क्रम में रेडक्रॉस की जिला कार्यकारिणी समिति का गठन भी बैठक का प्रमुख विषय रहा। समिति में चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, सचिव, कोषाध्यक्ष, जिला समन्वयक और सक्रिय कार्यकर्ताओं की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने कहा कि एक मजबूत और सक्रिय टीम तैयार होने से जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
बैठक में आगामी वर्ष की वार्षिक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। इसमें विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों, सीपीआर प्रशिक्षण कैंप, जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर प्रशिक्षण, तथा विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जाने वाले आवासीय शिविर की योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इन आयोजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं- टेंट, भवन, माइक, लाइट, अतिथि सत्कार, भोजन, रसोईया, पुरस्कार हेतु मोमेंटो और प्रबंध समिति सदस्यों के लिए आई-कार्ड निर्माण—की रूपरेखा भी तय की गई। बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय जिले में ब्लड बैंक स्थापना और ब्लड बैंक से अनुबंध को लेकर भी चर्चा रहा। अधिकारियों ने कहा कि जिले में ब्लड बैंक की उपलब्धता से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ होगा। साथ ही, ब्लड डोनेशन शिविरों की संख्या बढ़ाने और नियमित आयोजन की योजना भी बनाई गई।
इसके अतिरिक्त एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता, मेडिकल सहायता को सुगम बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रेडक्रॉस की पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी सुझाव रखे गए। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि रेडक्रॉस जिला शाखा का उद्देश्य जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाना है, और जिले में आगामी महीनों में इन योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, रेडक्रॉस सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को और प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के लिए सहयोग करने का संकल्प लिया।
Tags:    

Similar News