रायपुर में जमीन विवाद पर विवाद, पड़ोसी ने युवक से की मारपीट, सिर में चोट
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के सिलयारी बांधापारा गांव में बुधवार रात आपसी रंजिश के चलते हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गाली-गलौज से शुरू हुई कहासुनी मारपीट और जान से मारने की धमकी तक जा पहुँची। घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सिलयारी बांधापारा निवासी पीड़ित युवक, जो पेशे से टेलर है और कक्षा पांचवीं तक पढ़ा है, गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे अपने घर के सामने चौरा में बैठा था। तभी उसके पड़ोसी बुधराम चेलक से घर के सामने रखी गिट्टी हटाने को कहा। इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इस मामूली बात से नाराज होकर बुधराम चेलक और उसका बड़ा बेटा सलीम उर्फ कालिया ने रंजिशवश युवक को मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं।
इतना ही नहीं, दोनों ने मिलकर युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित का आरोप है कि सलीम ने रॉड से हमला कर उसके सिर पर चोट पहुंचाई, जबकि बुधराम ने हाथ-मुक्कों से पीटा। घटना को पीड़ित की पत्नी निरूपा निषाद और गांव के ही अर्जुन सांवरा ने देखा। दोनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तब जाकर विवाद शांत हुआ। घायल युवक ने पुलिस थाने पहुंचकर पूरी घटना की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित का कहना है कि गिट्टी हटाने जैसी मामूली बात को लेकर पहले भी पड़ोसी उसके साथ रंजिश रखते थे और बार-बार बहाने बनाकर विवाद खड़ा करते थे। इस बार स्थिति इतनी बिगड़ी कि सिर पर गंभीर चोट आ गई। फिलहाल पुलिस ने मामले में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप में अपराध दर्ज कर लिया है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।