Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर नाबालिग किशोर के चेहरे पर कैंची से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में किशोर के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथर्रीपारा की बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पथर्रीपारा निवासी सागर यादव (18) की एक नाबालिग लड़की से दोस्ती थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद किशोरी ने सागर से दूरी बना ली और उसी मोहल्ले के एक अन्य नाबालिग किशोर के करीब आ गई। इसी बात को लेकर सागर और किशोर के बीच कथित तौर पर नाराजगी चल रही थी।
सोमवार रात दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद सागर यादव ने अपने पास रखी कैंची से नाबालिग किशोर के चेहरे पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा के मुताबिक पुलिस ने घायल किशोर का बयान दर्ज किया। इसके बाद आरोपी सागर यादव को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सागर यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई गई है। अधिकारियों का दावा है कि उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। नाबालिग रहने के दौरान एक अन्य मामले में उसे बाल सुधार गृह भेजे जाने की बात भी सामने आई है।