सांकेतिक तस्वीर (AI)
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव के दौरान एक युवक पर मारपीट और गाली-गलौच करने का मामला सामने आया है। ईदगाहभाठा निवासी पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गणेश दर्शन के दौरान भीड़ में हल्का धक्का लगने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी और उसके साथियों ने उसे बुरी तरह पीट दिया। घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात लाखे नगर क्षेत्र की है। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से रायपुर के निरांकारी भवन के पीछे ईदगाहभाठा का रहने वाला है और ट्रेडिंग का काम करता है। उसने बीए तक पढ़ाई की है। 30 अगस्त 2025 की रात लगभग 12:15 बजे वह अपने कार से गणेश दर्शन करने निकला था। लगभग 2:00 बजे जब वह लाखे नगर के पास कार खड़ी कर शुभ कदम के सामने गणेश देखने जा रहा था, तभी पास में खड़े राहुल पृथवानी से हल्का धक्का लग गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद ने लिया हिंसक रूप
पीड़ित के अनुसार, हल्के धक्के की वजह से राहुल पृथवानी भड़क गया और उसने गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने उसे मना किया तो राहुल ने अपने दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर युवक को घेर लिया और मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि राहुल और उसके साथियों ने न केवल हाथ-मुक्कों से मारपीट की, बल्कि राहुल ने किसी धारदार वस्तु से उसके सिर पर वार भी किया।
बीच-बचाव और गवाह
घटना के दौरान वहां मौजूद निक्की चावला ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और किसी तरह स्थिति को संभाला। आसपास मौजूद कई लोगों ने भी इस विवाद और मारपीट को देखा और सुना। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आईं। उसके सिर, दाएं कान और दाएं कंधे में चोटें पहुंचीं। घटना के बाद पीड़ित युवक तत्काल एम्स अस्पताल, रायपुर इलाज कराने पहुंचा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी चोटों का इलाज किया। युवक ने पुलिस को बताया कि मारपीट से उसे काफी दर्द और परेशानी हो रही है।
पुलिस कार्रवाई
शिकायत मिलने पर आज़ाद चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव के दौरान हजारों की भीड़ उमड़ रही है। इस बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लाखे नगर जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर हुई इस घटना ने पुलिस की गश्त और भीड़ प्रबंधन की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि गणेश मंडपों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।