Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अफेयर और लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब लिव-इन में रह रही युवती ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला सकरी थाना पहुंच गया, जहां घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। कुदुदंड निवासी सुरेंद्र पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में एक युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और वर्ष 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। इस दौरान उनकी सात महीने की एक बेटी भी हुई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में युवती ने अपने बॉयफ्रेंड पर हमला कर दिया। घटना के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को सकरी थाना ले जाया गया। थाने में पुलिस ने दोनों को समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद चलता रहा। पुलिस की मौजूदगी में बाद में दोनों पक्षों के बीच स्टाम्प पेपर पर समझौता कराया गया। समझौते में दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया। दस्तावेज में यह भी उल्लेख किया गया कि दोनों वर्ष 2024 से साथ रह रहे थे और उनकी सात महीने की बेटी है, जो अब अपनी मां के साथ रहेगी।
हालांकि समझौते के बाद भी थाने में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना के वीडियो बना लिए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में युवती थाना परिसर में युवक की पिटाई करती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला काफी देर तक थाने में चर्चा का विषय बना रहा। वहीं कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्ष आपसी विवाद के चलते थाने पहुंचे थे। बाद में उन्होंने समझौता कर लिया, इसलिए तत्काल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक स्थिति सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर लिव-इन रिलेशनशिप और निजी संबंधों में बढ़ते विवादों को लेकर चर्चा में आ गया है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने से बचने की अपील भी की है।
Tags: