अनुशासन, नियम पालन और खेल भावना जीवन की सफलता की कुंजी: कलेक्टर

छग

Update: 2026-01-16 13:16 GMT
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय एक दिवसीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का आयोजन सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर से आई महिला और बालिका खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि खेल का पहला और सबसे महत्वपूर्ण नियम अनुशासन है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि समय प्रबंधन, आत्मसंयम और नियमों के पालन का अभ्यास भी कराता है। कलेक्टर ने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए समझाया कि सही समय पर सही निर्णय लेने से ही सफलता मिलती है, अन्यथा एक छोटी चूक भी हार का कारण बन सकती है। यही सिद्धांत जीवन के हर क्षेत्र में लागू होता है।

डॉ. कन्नौजे ने खिलाड़ियों को जीत और हार दोनों को समान भाव से स्वीकार करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जीत पर अहंकार और हार पर निराशा नहीं होनी चाहिए। एक जीत किसी को महान नहीं बनाती और एक हार किसी का भविष्य तय नहीं करती। उन्होंने सिकंदर महान का उदाहरण देते हुए कहा कि महानता निरंतर संघर्ष, धैर्य और आत्मनियंत्रण से आती है। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल मैदान में सीखे गए अनुशासन, नियम पालन और खेल भावना आगे चलकर पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और जीवन की हर चुनौती में काम आएगी।

जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में बालिका वर्ग (9 से 18 वर्ष) एवं महिला वर्ग (18 से 35 वर्ष) को शामिल किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, 100 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, रस्साकस्सी, खो-खो, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, फुटबॉल और बास्केटबॉल जैसी विभिन्न खेल विधाएं आयोजित की गईं। सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ ब्लॉक से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लेकर खेलों के प्रति अपने उत्साह और समर्पण का परिचय दिया। रस्साकस्सी प्रतियोगिता में सारंगढ़ और बरमकेला ब्लॉक के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।

टॉस के बाद शुरू हुए इस मुकाबले में बरमकेला ब्लॉक की टीम ने बेहतर तालमेल और शक्ति का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया, जिला खेल प्रभारी (डिप्टी कलेक्टर) शिक्षा शर्मा, समाज कल्याण विभाग के विनय तिवारी, सहायक क्रीड़ा अधिकारी कौशल ठेठवार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन ने जिले में महिला खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में अपनी पहचान बनाई।
Tags:    

Similar News