Durg. दुर्ग। संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर ने संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कृषि, शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसलों की पैदावारी बढ़ाने के लिए जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए और मिलेट्स फसलों जैसे ज्वार, बाजरा और रागी के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही इन फसलों की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के लिए कृषि विभाग द्वारा आवश्यक पहल सुनिश्चित की जाए। संभाग आयुक्त ने बालोद स्थित मां दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाने में गन्ना आपूर्ति बढ़ाने के लिए दुर्ग जिले के किसानों को अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने दुर्ग स्थित कृषि विभाग के प्रशिक्षण केंद्र भवन के बेहतर उपयोग पर भी जोर देते हुए कहा कि यहां किसानों के प्रशिक्षण और भ्रमण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। आवश्यकता अनुसार अन्य विभागों को भी निर्धारित दर पर प्रशिक्षण के लिए यह भवन उपलब्ध कराया जाए। बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए आयुक्त ने बताया कि 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान किसी भी प्रकार के समर कैंप आयोजित नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर आयुक्त ने ई-ऑफिस प्रणाली के तहत फाइल मूवमेंट और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति के लिए बायोमेट्रिक व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यालयों में इन व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। संभाग आयुक्त ने जानकारी दी कि राज्य शासन द्वारा 1 मई से 10 जून 2026 तक “सुशासन तिहार 2026” आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे और जिला मुख्यालयों में समीक्षा बैठकें आयोजित होंगी।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सुशासन तिहार के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यालयों में कार्यरत चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड के पालन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में शासकीय सीसीएम कॉलेज कचांदुर में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग और विद्युत यांत्रिकी विभाग को कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त (राजस्व) पदुमलाल यादव, उपायुक्त (विकास) संतोष ठाकुर सहित सभी संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।