रायपुर में अवैध शराब की तस्करी करते दीपेश साहू गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-23 14:05 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना खमतराई पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई। अपराधों की रोकथाम और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारियों को विशेष रूप से अवैध शराब के परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
दिनांक 22 अप्रैल 2026 को थाना खमतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बंजारी मंदिर की ओर से मेटल पार्क रावांभाठा की तरफ एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना खमतराई पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने डेरापारा के पास ट्रांसपोर्ट नगर रावांभाठा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपेश साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी जागृति नगर वार्ड क्रमांक 33 बीरगांव थाना उरला, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले रंग के बैग में 56 पौवा इम्पायर व्हीस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 10.080 बल्क लीटर बताई गई है।
जब पुलिस ने आरोपी से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका और टीम को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद शराब की कीमत 8,960 रुपये आंकी है, वहीं घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल (एफएफ डिलक्स, क्रमांक सीजी 19 बीजे 1998) की अनुमानित कीमत 20,000 रुपये बताई गई है। इस प्रकार जब्त सामग्री की कुल कीमत 28,960 रुपये आंकी गई है।
थाना खमतराई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस की उस मुहिम का हिस्सा है, जिसके तहत शहर में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
Tags:    

Similar News