धमतरी पुलिस का जनजागरूकता अभियान जारी

छग

Update: 2026-07-30 13:51 GMT
Dhamtari. धमतरी। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने के लिए धमतरी पुलिस ने जिलेभर में राहवीर योजना यानी गुड समेरिटन योजना को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को सड़क हादसों के दौरान घायलों की तत्काल सहायता करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस द्वारा लोगों को बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा यानी गोल्डन ऑवर किसी घायल व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों, वाहन चालकों, व्यापारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों को राहवीर योजना की जानकारी देते हुए अपील की है कि सड़क दुर्घटना देखकर लोग मूकदर्शक न बनें, बल्कि मानवता का परिचय देते हुए घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं। समय पर मिली सहायता कई बार किसी व्यक्ति की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पुलिस द्वारा बताया जा रहा है कि राहवीर या गुड समेरिटन वह व्यक्ति होता है, जो सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की बिना किसी स्वार्थ के मदद करता है। ऐसा व्यक्ति घायल को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने, एंबुलेंस बुलाने या अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करता है। सरकार द्वारा ऐसे मददगार लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए राहवीर योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत यदि कोई नागरिक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उसकी जान बचाने में मदद करता है तो उसे भारत सरकार की ओर से 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इसके अलावा चयनित उत्कृष्ट राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने का भी प्रावधान है, जिसमें विशेष पुरस्कार राशि भी दी जा सकती है।
धमतरी पुलिस ने अभियान के दौरान नागरिकों को गुड समेरिटन कानून की जानकारी भी दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम 2019 के तहत गुड समेरिटन कानून लागू किया गया है। इसके अनुसार दुर्घटना पीड़ित की मदद करने वाले व्यक्ति को किसी भी तरह की अनावश्यक कानूनी या पुलिस कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ता। अस्पताल या पुलिस सहायता करने वाले व्यक्ति को बेवजह परेशान नहीं कर सकते और उसकी व्यक्तिगत जानकारी भी उसकी इच्छा के बिना सार्वजनिक नहीं की जा सकती। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को तुरंत सहायता मिलना बेहद जरूरी होता है। कई मामलों में समय पर अस्पताल पहुंचने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इसलिए लोगों को सलाह दी जा रही है कि दुर्घटना होने पर तुरंत 112 डायल करें, 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दें और घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। धमतरी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, बस स्टैंड, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थानों और यातायात चेकिंग प्वाइंट पर लोगों को राहवीर योजना के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके लिए पंपलेट वितरण, पोस्टर, जनसंवाद और अन्य माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना के समय डरें नहीं और मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी पहल किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है। सड़क हादसों में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार दिलाना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि राहवीर बनें, जीवन बचाएं और मानवता का परिचय दें। दुर्घटना के समय आपकी संवेदनशीलता और तत्परता किसी अनमोल जीवन को बचाने में मददगार साबित हो सकती है।
Tags:    

Similar News