Dhamtari. धमतरी। धमतरी पुलिस ने नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई चोरी का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए एक अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में करेलीबड़ी चौकी पुलिस और साइबर सेल की सटीक तकनीकी जांच ने अहम भूमिका निभाई। प्रार्थी सोहन लाल पाल (65 वर्ष) निवासी ग्राम पटेवा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर ने 13 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके कपड़ा दुकान मोती वस्त्रालय से अज्ञात चोरों ने रात में शटर तोड़कर चोरी की है। चोरों ने लगभग 1,37,000 रुपये मूल्य के कपड़े, साड़ियां, बैग और नगदी चोरी कर ली थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करेलीबड़ी चौकी एवं थाना मगरलोड की संयुक्त टीम द्वारा अपराध क्रमांक 46/2026, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर साइबर टीम की मदद से संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (RJ 20 GC 0653) की पहचान की गई।
अंतर्राज्यीय गिरफ्तारी
वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेसिंग के बाद पुलिस टीम मध्यप्रदेश के आष्टा, जिला सीहोर में पहुंची। वहां संदिग्ध पिकअप को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिसमें तीन आरोपी सवार पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने छत्तीसगढ़ में चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
विकम बागडी, पिता बालमुकुंद, उम्र 20 वर्ष, ग्राम बाछीहेरा, थाना कनवास, जिला कोटा (राजस्थान)
बबलु बागड़ी, पिता बाबुलाल, उम्र 20 वर्ष, ग्राम अंता, थाना अंता, जिला बारां (राजस्थान)
रोहित बागडी, पिता पप्पूलाल बागडी, उम्र 19 वर्ष, ग्राम तलवाड़ा, पुलिस लाइन के पास मोग्या बस्ती, थाना बारां, जिला बारां (राजस्थान)
बरामद सामान
चोरी किए गए कपड़ों से भरी 06 बोरी
घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (RJ 20 GC 0653)
लोहे का सब्बल और बबूल लकड़ी का कुंदा (शटर तोड़ने में उपयोग)
आरोपियों ने चोरी की कुछ साड़ियां अपने परिचितों में बांटने की बात भी स्वीकार की
अपराध का तरीका (Modus Operandi)
आरोपियों ने पहले से दुकान की रेकी की थी। रात में लोहे के सब्बल और लकड़ी के कुंदे की सहायता से शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया और चोरी को अंजाम दिया। चोरी का सामान प्लास्टिक की बोरियों में भरकर पिकअप वाहन से मध्यप्रदेश की ओर ले जाया गया।
कानूनी कार्रवाई
अपराधियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायिक रिमांड पर आरोपियों को जेल भेजा गया। धमतरी पुलिस ने तकनीकी और फील्ड टीम की संयुक्त कार्रवाई से अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह को 24 घंटे के भीतर पकड़कर पूरे मामले का समाधान किया। पुलिस ने कहा कि ऐसे अभियान अवैध गतिविधियों और चोरी की घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं।