Narayanpur. नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ स्थित इरकभट्ठी कैंप का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों के वीर जवानों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके कर्तव्य-पथ के अनुभवों को सुना। कैंप में जवानों ने उपमुख्यमंत्री को अपने दैनिक कार्य, सुरक्षा चुनौतियों, एवं जवानों के जज़्बे से जुड़ी बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विषम परिस्थितियों में भी वे बस्तर में शांति, सुरक्षा और विश्वास के माहौल को कायम रखने में जुटे हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा – "आपके शौर्य, अनुशासन और सेवा भाव से ही आज बस्तर में विकास और स्थायित्व की दिशा में मजबूत कदम बढ़ रहे हैं। आपकी भुजाओं की ताकत को कोटिशः प्रणाम करता हूं।" इस अवसर पर विजय शर्मा एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने इरकभट्ठी कैंप परिसर में पौधारोपण कर जवानों के साथ मिलकर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और प्रकृति दोनों को समान महत्व देना समय की मांग है। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी एवं जवानों का दल उपस्थित रहा। जवानों से संवाद के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, सुविधा और प्रेरणा का माहौल बना रहा।
Tags: