छग विधानसभा चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने दिया बड़ा बयान

छग

Update: 2023-08-06 14:18 GMT
जशपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव रविवार को निजी प्रवास में जशपुर पहुंचें। यहां उन्होनें मनोरा ब्लाक के सोगड़ा में स्थित सर्वेश्वरी आश्रम में मां काली की पूजा अर्चना करने के साथ ही अघोरेश्वर बाबा संभवराम से आशीर्वाद लिया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होनें प्रदेश में ईडी द्वारा किए जा रहे लगातार कार्रवाई पर निशाना साधते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने ईडी प्रमुख की तीसरी बार नियुक्ति के मामले में सवाल उठाया है। ऐसे में भारत के हर नागरिक के मन में ईडी की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होनें जोर देकर कहा कि ईडी एक जांच एजेंसी है।
अगर वह निष्पक्ष कार्रवाई करती है तो किसी को कोई परेशानी नही है। उप मुख्यमंत्री सिंहदेव सड़क मार्ग से अंबिकापुर से जशपुर पहुंचे थे। यहां रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। अंबिकापुर से बतौली होकर बगीचा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के चिराईडांड़ में भी कार्यकर्ताओं ने टीएस सिंहदेव का आतिशबाजी करके स्वागत किया। जिला मुख्यालय जशपुर में विधायक विनय भगत ने सोगड़ा जाने के क्रम में अपने निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं के साथ उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सोगड़ा पहुंचने पर कलेक्टर रवि मित्तल, एसपी डी रविशंकर ने उनका स्वागत किया। यहां उन्होनें आश्रम में मां काली और अघोरेश्वर भगवान राम के अस्थि कलश का दर्शन करने के बाद अवधूत गुरूपद बाब संभव राम से एकांत में मुलाकात की। आश्रम के विशेष कक्ष में लगभग डेढ़ घंटे तक गुरूपद संभवराम और टीएस सिंहदेव बंद कमरे में चर्चा की।
सोगड़ा से बगीचा ब्लाक के गहिरा गुरू आश्रम रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए टीएस सिंहदेव ने बगीचा जशपुर सड़क की बदहाली पर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होनें कहा कि संभवतः क्षमता से अधिक भारी वाहन के चलने के कारण यह स्थिति बनी है। जशपुर जिला को बिलासपुर के पुलिस रेंज में शामिल किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होनें कहा कि टीएस सिंहदेव ने कहा कि अगर जशपुरवासी सरगुजा रेंज में ही रहना चाहते हैं,तो जशपुरवासियों की भावनाओं से वे मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगें। चुनाव में नए चेहरे को अवसर दिए जाने के संबंध में उन्होनें कहा कि चुनाव से पहले सभी पार्टियां सर्वे कराती हैं। कांग्रेस भी सर्वे करा रही है। इसका प्रमुख उद्देश्य वर्तमान विधायक और पार्टी जिन सीटों पर नहीं जीत सकी है,उनके संबंध में फीडबैक प्राप्त करना है। आगामी विधानसभा चुनाव के नेतृत्व के संबंध में उन्होनें कहा कि विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री होने के नाते भूपेश बघेल टीम के कप्तान होगें। उप मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार जशपुर प्रवास पर पहुंचे टीएस सिंहदेव का यह निजी दौरा पूरी तरह से सादगी भरा रहा। बिना किसी सरकारी तामझाम के उप मुख्यमंत्री ने माता का दर्शन किया और बाबा संभवराम से आशीर्वाद प्राप्त कर वापस लौट गए। बताया जा रहा है कि उनके इस दौरे की जानकारी बहुत कम लोगों को थी। बावजूद इसके अंबिकापुर से जशपुर तक जगह जगह उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
Tags:    

Similar News

-->