मूकबधिर युवती की प्रेमी ने की हत्या, 6 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-03-24 17:06 GMT
Mahasamund. महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम इंद्रपुर में 21 वर्षीय युवती पुष्पा अजगल्ले की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने घटना के महज छह घंटे के भीतर आरोपी प्रेमी लोकनाथ पटेल (27) को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। जांच में पता चला कि युवती गर्भवती थी और शादी के लिए दबाव बना रही थी। आरोपी ने समाज में बदनामी के डर से हत्या की साजिश रची। घटना मंगलवार की सुबह उजागर हुई, जब ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उनकी पुत्री पुष्पा का शव घर से करीब 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। मृतका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एसपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।


जांच में एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। मृतका के परिजनों से पूछताछ में एक अहम सुराग मिला कि युवती के संबंध गांव के ही लोकनाथ पटेल से थे। युवती गर्भवती थी और आरोपी पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी। इस आधार पर पुलिस ने संदेही लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया और बताया कि वह युवती के गर्भवती होने के बाद शादी के दबाव से परेशान था। समाज में बदनामी के डर से उसने हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने सोमवार की देर रात 12:30 से 1 बजे के बीच युवती को बहला-फुसलाकर खेत में बुलाया और विवाद के दौरान पास पड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है। ग्रामीणों और परिवार वालों ने आरोपी की सख्त सजा की मांग की है। पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News