रेप पीड़ित मूकबधिर युवती की मौत, सखी सेंटर में रखा था प्रशासन

छग

Update: 2026-06-02 09:44 GMT

जशपुर। जिले से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है। दुष्कर्म की शिकार 18 वर्षीय मूकबधिर युवती की मौत ने प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती को घटना के बाद संरक्षण और देखभाल के लिए सखी सेंटर में रखा गया था, लेकिन स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब पोस्टमार्टम में मिली संदिग्ध वस्तुओं के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार दुष्कर्म की शिकार हुई युवती को 3 अप्रैल को जशपुर स्थित सखी सेंटर लाया गया था। यहां उसकी देखरेख, सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं की जा रही थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार युवती की नियमित निगरानी की जा रही थी और आवश्यकता पड़ने पर उसका उपचार भी कराया जा रहा था।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि 12 मई को युवती को पेट दर्द की शिकायत होने पर जिला अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर उसे पुनः सखी सेंटर भेज दिया गया। अधिकारियों के अनुसार 19 मई को युवती की तबीयत एक बार फिर गंभीर रूप से बिगड़ गई। सखी सेंटर के कर्मचारी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में नया मोड़ तब आया जब पोस्टमार्टम के दौरान युवती के शरीर से सेफ्टी पिन और कॉर्क (कॉक) के कुछ हिस्सों जैसी संदिग्ध वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई। स्वास्थ्य विभाग ने इन वस्तुओं को विस्तृत परीक्षण के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन वस्तुओं का मौत से कोई संबंध है या नहीं।

Tags:    

Similar News