सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जंगली हाथियों का खतरा लगातार बना हुआ है। जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने बाइक सवार चाचा-भतीजे पर अचानक हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भतीजे ने पास खड़े ट्रक के नीचे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना कल्याणपुर क्षेत्र के अखोरा रोड स्थित फुलझर नदी के पास हुई। चाचा और भतीजा बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। दोनों कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हाथी ने हमला कर दिया। हमले में चाचा की जान चली गई।
वहीं, भतीजे ने सूझबूझ दिखाते हुए मौके से भागकर पास खड़े एक ट्रक के नीचे शरण ली। इससे वह हाथी के हमले से बचने में सफल रहा। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला हाथी स्थानीय स्तर पर 'कबरा कान' के नाम से पहचाना जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह हाथी लंबे समय से सूरजपुर वन क्षेत्र में सक्रिय है और पूर्व में भी इसके हमलों में लोगों की मौत हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लगातार सामने आ रही हाथियों की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों की सुरक्षा और हाथियों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।