14 दिनों से लापता शख्स की खेत में मिली लाश, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

छत्तीसगढ़

Update: 2022-02-24 16:10 GMT

जांजगीर। जांजगीर में 14 दिनों से लापता एक प्लंबर की खेत में लाश मिली है। लाश पूरी तरह सड़ चुकी है। लाश के पास में ही मृतक की बाइक मिली है। बाइक से ही शिनाख्त की गई। वहीं प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को प्लंबर की पत्नी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। तब से प्लंबर की तलाश में पुलिस जुटी थी। मामला जांजगीर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मनोज यादव (35) जांजगीर के बोंगापार इलाके का रहने वाला था। 10 फरवरी को घर में बिना कुछ बताए मनोज कहीं चला गया था। जब देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन ढूंढने निकले। जब मनोज के बारे में कोई सुराग नहीं मिला तो पत्नी ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसके बाद से पुलिस मनोज की तलाश में जुटी रही। वहीं आज सुबह मनोज के भाई को पता चला कि गांव के पास ही खेत में लाश पड़ी है।
जिसके बाद मनोज का बड़ा भाई मौके पर पहुंचा तो उसने बाइक और कपड़ों के जरिए शव की शिनाख्त की। जिसके बाद इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी। मौके पर जवान पहुंचे। जिन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं मामले के संबंध में पुलिस जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक के कपड़ों के अंदर ही बाइक की चाबी मिली है। प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

Similar News

-->