भिलाई। दुर्ग में बुधवार रात युवक का शव मिला। लाश सेक्टर-1 स्थित मुर्गा चौक के पास फ्लाइओवर के नीचे पड़ी मिली। रात करीब 8 बजे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फ्लाईओवर से नीचे गिरने से मौत की आशंका जताई है।
घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, राहगीरों ने रात 8 बजे फ्लाइओवर के नीचे युवक को पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर वह मृत मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची।
आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। युवक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। घटनास्थल का निरीक्षण FSLटीम ने किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के हालात की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत फ्लाइओवर से गिरने के कारण हुई हो सकती है। यह हादसा हो सकता है या आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल हर पहलू से जांच जारी है।