देमार स्कूल में आयोजित हुआ नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देमार में विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, साइबर अपराधों तथा सोशल मीडिया एवं मोबाइल गेमिंग एप के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के नशे से स्वयं दूर रहें तथा अपने मित्रों और परिवारजनों को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।
साथ ही विद्यार्थियों को मोबाइल गेमिंग एप, ऑनलाइन टास्क, फर्जी इनाम, लिंक, ओटीपी, क्यूआर कोड, स्क्रीन शेयरिंग एप, फर्जी निवेश योजनाओं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि अनजान व्यक्तियों से प्राप्त लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण अथवा पासवर्ड साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना अपने अभिभावकों एवं पुलिस को दें।
विद्यार्थियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड रखने, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने तथा ऑनलाइन गेमिंग के दौरान आर्थिक लेन-देन से सतर्क रहने की भी सलाह दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया गया।