सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी, मोबाइल-टैबलेट लेकर फरार हुए चोर

छग

Update: 2026-05-19 16:19 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। शहर के टिकरापारा क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मनु चौक स्थित नटराज होटल के पास अज्ञात चोर एक मकान में घुसकर मोबाइल फोन, टैबलेट और स्पीकर बॉक्स चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता काजल कुर्रे घटना के समय घर में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए और कीमती सामान लेकर चुपचाप फरार हो गए। कुछ देर बाद जब उनकी नींद खुली और उन्होंने अपना मोबाइल तलाशना शुरू किया, तब घर से सामान गायब मिला।

इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई और परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की सूचना दी गई। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध हालत में घर के आसपास घूमते दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। संदिग्धों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने के बाद परिवार ने फुटेज पुलिस को सौंप दिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी अब तक पुलिस ने औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं की है। परिवार के लोग लगातार सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि चोरी हुए सामान में मोबाइल, टैबलेट और स्पीकर बॉक्स शामिल हैं, जिनकी कीमत काफी अधिक है।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि टिकरापारा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध महिला और पुरुष की तलाश में जुटी हुई है। मामले को लेकर सिटी कोतवाली पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी जांच शुरू कर दी है।
Tags:    

Similar News