दूध बेचने वाले छोटे व्यवसायियों के खिलाफ डेयरी कंपनी ने किया दुष्प्रचार, हंगामे के बाद मांगी माफ़ी
रायपुर. खुला दूध का व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों की चेतावनी के एक दिन के बाद ही डेयरी कंपनी से जुड़े दूध डेयरी के मैनेजरों ने खुला दूध बेचने वाले व्यवसायियों (छोटे किसानों से) सार्वजनिक रूप से मांफी मांग ली है. इस माफी के बाद सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ ने भी डेयरी कंपनी के खिलाफ की गई कार्रवाई की मांग और आंदोलन करने की घोषणा को वापस ले लिया.
जिला पंचायत रायपुर के उपाध्यक्ष संदीप यदु ने बताया कि सर्व यादव समाज ने रायपुर, भाटापारा-बलौदाबाजार सहित कई जिलों में डेयरी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था. इस ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया गया था कि डेयरी कंपनी के दूध की बिक्री बढ़ाने के लिए खुले दूध के व्यवसाय के खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए पाम्पलेट छपवाकर बंटवाए जा रहे हैं.
इस पाम्पलेट के माध्यम से खुला दूध को स्वास्थ्य के लिए हानिकारण बताया जा रहा था. यादव समाज ने इसे लेकर कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोला और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, साथ ही दो दिन में कंपनी प्रबंधक द्वारा सार्वनजिक रूप से माफी नहीं मांगने पर उनके खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी. इस चेतावनी के बाद कंपनी ने दूसरे दिन ही सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है.