Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के डागा बिल्डिंग के पास हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी नदीम खान उर्फ जगीरा को सिटी कोतवाली पुलिस और ACCU/क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक कंबल छीनने और खुले स्थान पर पेशाब करने की बात को लेकर आरोपी और मृतक के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास पड़े पत्थर से युवक के सिर पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए नागपुर तक पहुंच गया था।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली को डागा बिल्डिंग के सामने एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उसकी पहचान जॉनी के रूप में की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौत होने की बात सामने आई। इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई। एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार एवं ACCU/क्राइम ब्रांच के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। घटनास्थल की परिस्थितियों का विश्लेषण करने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिले। इसके आधार पर आरोपी की पहचान नदीम खान उर्फ जगीरा, उम्र 40 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान के बाजू, शहीद हमीद नगर, थाना सिटी कोतवाली रायपुर के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खानाबदोश प्रवृत्ति का है और डागा बिल्डिंग के पास खुले स्थान पर अन्य लोगों के साथ सोता था। पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात मृतक जॉनी शराब के नशे में वहां पहुंचा था। आरोप है कि जॉनी आरोपी का कंबल छीनने लगा और उसी स्थान पर पेशाब करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी जगीरा ने पास में पड़े पत्थर को उठाकर जॉनी के सिर के पीछे दो से तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण जॉनी जमीन पर गिर गया और अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद जब आरोपी को पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिली तो वह रायपुर छोड़कर नागपुर की ओर निकल गया। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि आरोपी किसी एक स्थान पर स्थायी रूप से नहीं रहता था। वह अलग-अलग जगहों पर घूमकर भिक्षा मांगकर जीवनयापन करता था। इस वजह से उसकी लोकेशन का पता लगाना मुश्किल हो रहा था।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। टीम ने नागपुर और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचकर उसकी पतासाजी की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नागपुर और आसपास आयोजित होने वाले उर्स में शामिल होता था तथा मजारों के आसपास रुककर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों के संबंध में सूचनाएं जुटाती रही। कुछ समय बाद आरोपी अपना हुलिया बदलकर दोबारा रायपुर लौट आया। वह शहर में अलग-अलग स्थानों पर घूमकर भिक्षा मांगते हुए रहने लगा। पुलिस को आरोपी के साथ रहने वाले अन्य भिक्षुओं के माध्यम से सूचना मिली कि जगीरा हुलिया बदलकर रायपुर में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पत्थर और अन्य भौतिक साक्ष्य भी बरामद करने की बात कही है। आरोपी नदीम खान उर्फ जगीरा को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार इस पूरे ऑपरेशन में आरोपी की पहचान करने से लेकर नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश, सूचना संकलन और गिरफ्तारी तक लगातार प्रयास किए गए। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रेम सागर नेताम, आरक्षक मुकेश सिंह, आरक्षक कमार आलम, आरक्षक शिवराज बघेल और आरक्षक गिरिधर प्रजापति की उल्लेखनीय भूमिका रही। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।