Kabirdham. कबीरधाम। जिले में साइबर ठगी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए कबीरधाम साइबर पुलिस ने शासकीय योजनाओं और सेवाओं के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर ठगी करने वाले एक आरोपी को उत्तरप्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी लोगों के मोबाइल में फर्जी APK फाइल इंस्टॉल करवाकर उनकी बैंकिंग और UPI से जुड़ी जानकारी हासिल करता था और इसके बाद खातों से रकम ट्रांसफर कर देता था। पुलिस के मुताबिक, पिछले महीने साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज हुई थीं। पीड़ितों ने बताया कि उनके बैंक खातों से उनकी जानकारी के बिना UPI के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर ली गई। एक मामले में करीब 1 लाख रुपये और दूसरे मामले में 96 हजार 501 रुपये की ठगी की शिकायत सामने आई।

दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर टीम ने पीड़ितों के मोबाइल की तकनीकी जांच की तो उनमें आरटीओ चालान, पीएम आवास योजना और अन्य शासकीय योजनाओं के नाम से भेजी गई फर्जी APK फाइल मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने जानकारी के अभाव में इन APK फाइलों को अपने मोबाइल में इंस्टॉल कर लिया था। इसी के बाद उनकी बैंकिंग और UPI से संबंधित संवेदनशील जानकारी साइबर ठगों तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी जानकारी का इस्तेमाल कर बैंक खातों में मौजूद रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर किया गया। मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस टीम ने बैंकिंग डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और डिजिटल गतिविधियों की जांच की।

इसके आधार पर आरोपी की लोकेशन उत्तरप्रदेश के झांसी में मिलने की जानकारी सामने आई। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम झांसी रवाना की गई। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम एक किराए के मकान तक पहुंची और वहां से संदिग्ध सौरभ कुशवाहा को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने फर्जी APK फाइल के माध्यम से ठगी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ कुशवाहा पिता नरेन्द्र कुशवाहा, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 1, खेड़ापति मंदिर के पास ग्राम करेरा, थाना करेरा, जिला शिवपुरी तथा वर्तमान निवासी झांसी, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी मोबाइल सिम, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोबाइल हैंडसेट बरामद किया गया है।

पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साइबर पुलिस के मुताबिक, ठग इन दिनों आरटीओ चालान, पीएम आवास योजना, बिजली बिल, केवाईसी अपडेट, बैंक अपडेट और अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक अथवा APK फाइल भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल होते ही कई बार फोन की महत्वपूर्ण अनुमतियां ठगों के नियंत्रण में चली जाती हैं। कबीरधाम साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल, लिंक या एप्लीकेशन को इंस्टॉल न करें। OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। पुलिस ने यह भी कहा है कि साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने पर रकम को होल्ड या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है।
Tags: