साइबर ठगी: शिक्षिका से 4.5 लाख रुपये ठगे, तीन आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-05 12:46 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र की एक स्कूल शिक्षिका को अश्लील वीडियो देखने के नाम पर डर दिखाकर साढ़े चार लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपितों को सरगुजा पुलिस ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार शिक्षिका ने 19 मार्च 2026 को स्कूल से घर लौटने के बाद मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आने की शिकायत दर्ज कराई। कॉल करने वाले ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और कहा कि शिक्षिका गूगल ब्राउजर पर अश्लील फोटो और वीडियो देख रही हैं, जो दंडनीय अपराध है। गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के भय से शिक्षिका घबरा गईं।

इसके बाद आरोपित ने अलग-अलग बहानों से शिक्षिका से फोन-पे और बैंक खातों के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। जांच में पता चला कि कुल चार लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत मिलने पर गांधीनगर थाना में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर पुलिस पोर्टल और बैंक खातों के तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि ठगी की रकम भारतीय स्टेट बैंक, फिनो पेमेंट्स बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न खातों में जमा कराई गई थी। रकम को अन्य खातों में स्थानांतरित कर ऑनलाइन लेनदेन और एटीएम के माध्यम से निकाला गया। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में छापेमारी कर तीन आरोपितों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपित हैं काशीराम अहिरवार (34) निवासी ग्राम केनवार, थाना बड़ागांव, पन्नालाल यादव (40) निवासी ग्राम डुण्डा, थाना बड़ागांव और अभिलाषा अहिरवार (20) निवासी चौपरा मोहल्ला, ग्राम जरूआ, थाना लिधौरा। पुलिस के अनुसार तीनों म्यूल अकाउंट के माध्यम से साइबर ठगी की रकम प्राप्त कर उसे आगे ट्रांसफर और निकालने में शामिल थे। मामले में अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, आरक्षक दीनदयाल सिंह, दिनेश यादव, सरस्वती सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक अमन पुरी और रमेश प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षिका को फर्जी कॉल और डर दिखाकर ठगी करने वाले इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद नागरिकों में राहत की भावना है। पुलिस ने जनता से सतर्क रहने और अज्ञात कॉल और संदेशों में किसी भी तरह की रकम ट्रांसफर न करने की अपील की है।
Tags:    

Similar News