E-रिक्शा से 1.74 लाख रुपये चोरी करने वाला शातिर चोर 8 घंटे में गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-27 13:19 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा से 1.74 लाख रुपये चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 1 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने वर्ष 2025 में माना थाना क्षेत्र में इसी तरह की वारदात को अंजाम देकर 2.70 लाख रुपये की चोरी की थी और उस मामले में अब तक फरार चल रहा था। अब उस प्रकरण में भी उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार गुढियारी थाना क्षेत्र निवासी ब्रजेश साव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई 2026 को वह अपनी ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 04 पीएल 5745 से किराना सामान खरीदने गुढियारी पड़ाव गया था। वह अपने साथ कुल 2 लाख रुपये नकद लेकर गया था। सबसे पहले उसने करीब 26 हजार रुपये का किराना सामान खरीदा। इसके बाद अन्नपूर्णा ट्रेडर्स से सामान खरीदकर उसे ई-रिक्शा में लोड कराया। जब वह भुगतान करने के लिए डैशबोर्ड में रखे सफेद रंग के चेन वाले बैग से रुपये निकालने पहुंचा तो बैग गायब था। बैग में करीब 1.74 लाख रुपये रखे थे, जिन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया था। शिकायत मिलने के बाद थाना गुढियारी में अपराध क्रमांक 301/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गुढियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के बारीकी से विश्लेषण में एक संदिग्ध व्यक्ति ई-रिक्शा से रुपये से भरा बैग निकालते हुए दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान टिकरापारा के संजय नगर निवासी मोहम्मद शाहिद उर्फ मुर्गी के रूप में हुई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी गई रकम में से 1 लाख रुपये बरामद कर जब्त कर लिए गए। शेष राशि के संबंध में भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक और बड़ा खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि वर्ष 2025 में माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई में उसने इसी तरह एक छोटे हाथी वाहन की सीट पर रखे बैग से 2.70 लाख रुपये चोरी किए थे। उस मामले में थाना माना में अपराध क्रमांक 241/2025 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज है और आरोपी लंबे समय से फरार था। अब उस प्रकरण में भी उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। वर्ष 2020 में उरला थाना क्षेत्र में नारकोटिक एक्ट के मामले में तथा वर्ष 2022 में गोलबाजार थाना क्षेत्र में जुआ एक्ट के प्रकरण में वह जेल जा चुका है। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से सुनसान या भीड़भाड़ वाले बाजारों में खड़े वाहनों पर नजर रखकर उनमें रखी नकदी और कीमती सामान चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहिद उर्फ मुर्गी (54 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहम्मद शरीफ, निवासी संजय नगर मस्जिद के पास, टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है। रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाजार या सार्वजनिक स्थानों पर वाहन में नकदी या कीमती सामान छोड़कर न जाएं। यदि बड़ी राशि लेकर बाजार जा रहे हों तो उसे हमेशा अपने साथ रखें तथा वाहन को बिना निगरानी के न छोड़ें। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे चोरी की बड़ी रकम भी बरामद की जा सकी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
Tags:    

Similar News