Raipur रायपुर: छत्तीसगढ़ के चर्चित CSMCL ओवरटाइम भुगतान घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो और एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CDL के वाइस प्रेसिडेंट (मार्केटिंग) एन. उदय राव को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियों के अनुसार ओवरटाइम और बोनस भुगतान से जुड़े फर्जी बिलों और भुगतान प्रक्रिया में उदय राव की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। कमीशन नेटवर्क में अरुणपति त्रिपाठी से जुड़े तार
EOW-ACB की जांच में खुलासा हुआ है कि कर्मचारियों के ओवरटाइम और बोनस की बिलिंग उदय राव के निर्देश पर तैयार की जाती थी। इसके एवज में कमीशन का खेल भी चलता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक उदय राव इस पूरे मामले में पूर्व आबकारी विशेष सचिव Arunpati Tripathi के संपर्क में था और उनके निर्देशों के आधार पर कमीशन की राशि कारोबारी Anwar Dhebar तक पहुंचाई जाती थी।
जांच अधिकारियों का कहना है कि घोटाले में फर्जी भुगतान, अवैध कमीशन और वित्तीय अनियमितताओं का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। मामले में पहले से गिरफ्तार सात आरोपियों की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद विशेष अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उदय राव की गिरफ्तारी के बाद इस केस में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
जांच एजेंसियां अब घोटाले से जुड़े अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और कारोबारी कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। EOW-ACB वित्तीय दस्तावेजों, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।