Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच हाइवा (ट्रक) जब्त किए हैं। यह कार्रवाई वीकेंड के दौरान चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत की गई। सभी वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सौंप दिया गया है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विशेष रूप से रात के समय नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में 18 अप्रैल 2026 की देर रात अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान पचपेड़ी नाका चौक, फाफाडीह चौक और तेलीबांधा थाना क्षेत्र के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान कुछ हाइवा को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि वे बिना रॉयल्टी के रेत का परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने इसे अवैध खनन और परिवहन का मामला मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। बिना रॉयल्टी के रेत लेकर जा रहे पांचों हाइवा को जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए वाहनों में CG 04 QN 1944, CG 04 QB 5457, CG 04 QC 9190, CG 06 GZ 6405 और CG 08 AS 9599 शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, पहले वाहन का चालक नीरज साहू और मालिक चित्रेंद्र साहू निवासी साजा जिला बेमेतरा है।
दूसरे वाहन का चालक रंजीत साहू और मालिक तुकाराम साहू निवासी हतपान जिला बेमेतरा है। तीसरे वाहन का चालक रामचरण यादव और मालिक राजेश साहू निवासी कचना रायपुर बताया गया है। चौथा वाहन चीमा ब्रिक्स एंड ट्रेडर्स महासमुंद के नाम पर पंजीकृत है, जबकि पांचवां वाहन भगवती निषाद ग्राम सरगी जिला धमतरी के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर खनिज विभाग को सुपुर्द कर दिया है। खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा अब खनिज अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डिप्टी डायरेक्टर खनिज राजेश मालवे, सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव और स्तुति निगम को वाहनों की जिम्मेदारी सौंपी गई। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन और परिवहन पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।