पार्षद और निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पार्षद निधि से बीपी पुजारी स्कूल को दिया 6 लाख का फर्नीचर
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 में स्थित बीपी पुजारी स्कूल में बच्चों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नई फर्नीचर सामग्री उपलब्ध कराई गई है। वार्ड पार्षद एवं रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अपनी पार्षद निधि से स्कूल को आवश्यक फर्नीचर प्रदान किया। जानकारी के अनुसार, स्कूल में हाल ही में नए कक्षा और कक्षों का निर्माण किया गया था, लेकिन बच्चों के बैठने और अन्य आवश्यक फर्नीचर की कमी बनी हुई थी। इस संबंध में स्कूल की प्राचार्य ने पार्षद आकाश तिवारी के समक्ष यह मुद्दा रखा, जिस पर उन्होंने तत्काल पहल करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके बाद पार्षद आकाश तिवारी ने वर्ष 2025-26 की अपनी पूरी पार्षद निधि से 6 लाख रुपये की राशि स्कूल को फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए प्रदान की। इस राशि से स्कूल में विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिसमें विद्यार्थियों के लिए विजिटर चेयर, रिवॉल्विंग चेयर, अलमारी, डेस्क-बेंच सेट, टेबल और कुर्सियां शामिल हैं। बताया गया कि कुल 81 डेस्क-बेंच सेट लगाए गए हैं, साथ ही शिक्षकों के लिए भी अलग से टेबल और कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। स्कूल परिसर में आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध होने से अब बच्चों को बेहतर बैठने की सुविधा मिल सकेगी। फर्नीचर उपलब्ध कराए जाने के बाद स्कूल में एक छोटे कार्यक्रम के दौरान इसका लोकार्पण भी किया गया।
इस मौके पर पार्षद आकाश तिवारी ने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा यह प्रयास रहता है कि वार्ड और प्रदेश के बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त करें और आगे बढ़कर अपने माता-पिता और शिक्षकों का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है, जो बच्चों को हर चुनौती का सामना करने में सक्षम बनाती है। स्थानीय लोगों और स्कूल प्रशासन ने पार्षद की इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि इस सहयोग से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और स्कूल की सुविधाओं में सुधार होगा। इस पहल को क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई में और अधिक सुविधा और प्रेरणा मिलेगी।