CGPSC SI रिजल्ट में ‘न्यूज’ नाम पर उठा विवाद, अभ्यर्थी ने सामने आकर बताई पूरी सच्चाई
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सब इंस्पेक्टर (SI) एवं सूबेदार भर्ती परीक्षा के परिणाम में ‘न्यूज’ नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर शुरू हुए विवाद के बीच अब संबंधित अभ्यर्थी खुद सामने आया है। रायगढ़ जिले के रेंगालपाली गांव निवासी अभ्यर्थी ने स्पष्ट किया है कि उसका नाम किसी तरह की टाइपिंग गलती या फर्जीवाड़े का परिणाम नहीं है, बल्कि बचपन से लेकर अब तक उसके सभी शैक्षणिक और सरकारी दस्तावेजों में यही नाम दर्ज है। जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम रेंगालपाली के रहने वाले न्यूज कुमार प्रधान का चयन CGPSC की सूबेदार भर्ती परीक्षा में हुआ है। परिणाम जारी होने के बाद जब सूची में केवल ‘न्यूज’ नाम दिखाई दिया तो इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
कई लोगों ने नाम को लेकर सवाल उठाए, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया। बढ़ते विवाद और लगातार उठ रहे सवालों के बीच न्यूज कुमार प्रधान स्वयं रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से मुलाकात कर अपनी पूरी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनका पूरा नाम न्यूज कुमार प्रधान है, लेकिन आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और माध्यमिक शिक्षा मंडल की अंकसूचियों सहित कई दस्तावेजों में उनका नाम केवल ‘न्यूज’ दर्ज है। इसी कारण रिजल्ट में भी यही नाम प्रकाशित हुआ।
अभ्यर्थी ने बताया कि उसके पिता का नाम सुखदेव प्रधान और माता का नाम सर्वेश्वरी प्रधान है। उन्होंने कहा कि सरनेम सभी दस्तावेजों में दर्ज नहीं होने के कारण लोगों को भ्रम हुआ और कुछ लोगों ने उनके नाम पर संदेह व्यक्त करना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि उन्होंने कभी अपने नाम में कोई बदलाव नहीं कराया और बचपन से लेकर आज तक सभी रिकॉर्ड में यही नाम दर्ज है। गांव के स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों ने भी न्यूज कुमार के दावों की पुष्टि की है। उनके अनुसार न्यूज शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी छात्र रहा है और स्कूल के समय से ही उसका नाम सभी रिकॉर्ड में ‘न्यूज’ के रूप में दर्ज था।
शिक्षकों ने बताया कि वह पढ़ाई में हमेशा अच्छा प्रदर्शन करता था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी गंभीरता से कर रहा था। नाम को लेकर अचानक पूरे प्रदेश में चर्चा होने के बाद न्यूज कुमार को कई स्तर पर पूछताछ और सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। उनका कहना है कि केवल नाम की वजह से उन्हें बार-बार अपनी पहचान स्पष्ट करनी पड़ रही है, जिससे मानसिक तनाव भी हुआ है। हालांकि उन्होंने कहा कि उनके पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं, जो उनकी पहचान और नाम की पुष्टि करते हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण कर रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर स्कूल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों में नाम सही पाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का औपचारिक सत्यापन नियमानुसार आगे भी जारी रहेगा।