Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ के भगवानपुर रोड स्थित अपराजिता टीवीएस शोरूम में कंटेनर चालक को कथित तौर पर धमकाकर उसका वाहन जबरन रोकने और 50 हजार रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शोरूम के मैनेजर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शोरूम में रोके गए कंटेनर वाहन को भी मुक्त कराया। आरोप है कि मामूली नुकसान की भरपाई के नाम पर चालक से 50 हजार रुपये मांगे जा रहे थे और रकम नहीं देने पर उसका वाहन करीब छह दिनों तक रोककर रखा गया।
बल्ब टूटकर कार पर गिरने से हुआ था मामूली नुकसान
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अली मोहम्मद राजस्थान के डीग जिले के रहने वाले हैं और ड्राइविंग का काम करते हैं। वर्तमान में वह BPGC कंपनी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं। वह कंटेनर वाहन क्रमांक NL-01-AH-5634 चला रहे थे। अली मोहम्मद 21 अगस्त को बेंगलुरु से 6 चक्का कंटेनर में TVS एक्सल मोपेड वाहन लोड कर रायगढ़ के लिए रवाना हुए थे। 25 अगस्त की रात रायगढ़ पहुंचने के बाद अगले दिन 26 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे वह भगवानपुर रोड स्थित अपराजिता टीवीएस शोरूम के वेयरहाउस में वाहन खाली करने के लिए कंटेनर को पीछे कर अंदर ले जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर का ऊपरी हिस्सा किनारे लगे बिजली के खंभे पर लगे लाइट/बल्ब से टकरा गया। टक्कर के कारण बल्ब टूटकर पास खड़ी एक कार पर जा गिरा। इससे कार को मामूली नुकसान हुआ।
नुकसान की भरपाई के नाम पर मांगे 50 हजार
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद शोरूम के मुकेश गुप्ता और मैनेजर आशीष गोस्वामी ने नुकसान की भरपाई के नाम पर उससे 50 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी। चालक ने तत्काल 5 हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने 50 हजार रुपये की मांग पर ही जोर दिया। चालक के मुताबिक, उसने वाहन मालिक से भी संपर्क किया। वाहन मालिक ने भी 5 हजार रुपये देने की सहमति जताई, लेकिन इसके बावजूद कंटेनर को वहां से जाने नहीं दिया गया।
कार खड़ी कर रास्ता किया बंद
शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने कंटेनर के आगे अपनी कार खड़ी कर रास्ता रोक दिया था। इसके चलते चालक अपना वाहन लेकर शोरूम परिसर से बाहर नहीं निकल सका। आरोप है कि शोरूम का गेट भी बंद रखा जाता था। चालक को मजबूरी में गेट के ऊपर से बाहर आना-जाना पड़ता था। रात के समय उसे कंटेनर के अंदर ही सोना पड़ता था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 26 अगस्त से 31 अगस्त तक कंटेनर को जबरन रोककर रखा गया।
बाहर का होने की बात कहकर धमकाने का आरोप
चालक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे धमकी देते हुए कहा गया कि “तुम बाहर के हो, हमारा क्या कर लोगे, तुम्हारे खिलाफ एक्सीडेंट की रिपोर्ट कर देंगे।” आरोप है कि इस तरह लगातार 50 हजार रुपये देने के लिए दबाव बनाया जाता रहा। काफी समय तक वाहन को नहीं छोड़े जाने के बाद चालक ने 31 अगस्त को कोतरारोड़ थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने कंटेनर कराया मुक्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 319/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी मुकेश गुप्ता (36) और आशीष पुरी गोस्वामी (42) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ धारा 126(2), 316(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम ने शोरूम परिसर में रोके गए कंटेनर वाहन को भी मुक्त कराया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Tags: