केंद्र की नीतियों के खिलाफ हल्ला बोलेगी कांग्रेस

Update: 2021-10-17 04:58 GMT

सीडब्ल्यूसी की बैठक में फैसले के बाद प्रदेश कांगे्रस रणनीति बनाने में जुटी

रायपुर (जसेरि)। कांग्रेस ने मिशन 2024 की तैयारी शुरू कर दी है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूती और पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए कांग्रेस देशभर में एक नवंबर से सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। जिनमें सदस्यता अभियान, जनजागरण अभियान तथा महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल शामिल है। इसके लिए सभी राज्यों को जल्द ही निर्देश जारी किए जाएंगे।

दरअसल मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस शुरू से ही मुखर रही है। लेकिन अब कांग्रेस ने चुनावी मोड पर काम करना शुरू कर दिया है। आगामी वर्षों में कई राज्यों के चुनावों के साथ ही केन्द्र के चुनाव भी होने हैं। कांग्रेस ने पार्टी को मजबूत करने तथा कांग्रेस के प्रति लोगों का रुझान बढ़ाने अध्यक्ष पद के चुनाव के बहाने सदस्यता अभियान को सबसे अहम हथियार बनाया है। बताया गया है कि सदस्यता अभियान के माध्यम से लोगों को कांग्रेस की विचारधारा की जानकारी देकर पार्टी में नए लोगों को जोड़ा जाएगा। एक नवंबर से शुरू हो रहा सदस्यता अभियान 30 मार्च 2022 तक चलेगा।

केन्द्र की गलत नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई बढ़ी है। देश की संपत्तियों को निजी हाथों में नीलाम किया जा रहा है। इसके कारण आमजनता को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए केन्द्र सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस जनजागरण अभियान शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से पार्टी पदाधिकारी लोगों तक पहुंचकर उन्हें यह बताएंगे कि मोदी सरकार की नीतियां आम जनता के हितों को कैसे प्रभावित कर रहीं हैैं।

14 नवंबर से शुरु होगा महंगाई के खिलाफ अभियान

इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के अलावा कांग्रेस पूरे देश में 14 नवंबर से महंगाई के खिलाफ जनआंदोलन चलाएगी। इसके माध्यम से कांग्रेस नेता केन्द्र सरकार की मंहगाई बढ़ाने वाले कारणों पर फोकस कर हल्ला बोलेंगे। पार्टी पदाधिकारियों से कहा गया है कि इस दौरान कांग्रेस के सभी पदाधिकारी अपनी-अपनी पोलिंग बूथ तक पदयात्रा करेेंगे तथा छोटी-छोटी बैठकें कर लोगों को महंगाई के बारे में बताएंगे।

जिले और ब्लॉक स्तर पर होंगे आयोजन

एआईसीसी के इस निर्देश को प्रदेश के साथ जिले और ब्लॉक स्तर तक भेजा जाएगा ताकि ये इन तीनों कार्यक्रमों का आयोजन कांग्रेस के हर सेक्टर में किया जा सके। तीनों ही महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर पीसीसी को प्लान बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। 

Tags:    

Similar News