CM, कलेक्टर-SP और EOW तक बीजेपी नेता की शिकायत, BJP अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री के खिलाफ जांच शुरू
छत्तीसगढ़.
> अफसरों का कहना है कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
रायपुर: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री अकबर तिगाला के खिलाफ कथित फर्जीवाड़े और पद के प्रभाव का गलत इस्तेमाल करने को लेकर शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता असरार अहमद ने मुख्यमंत्री, बालोद कलेक्टर और एसपी के साथ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) में भी शिकायत दी है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, भाजपा नेता अकबर तिगाला ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अकबर तिगाला ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल अपना राजनीतिक प्रभाव दिखाने के लिए किया। आरोप है कि इसी प्रभाव के जरिए पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य लोगों को प्रभावित कर निजी फर्म के नाम पर करोड़ों रुपए के काम हासिल करने की कोशिश की गई।
EOW को दी गई शिकायत में अकबर तिगाला के एक कथित चिटफंड कंपनी से जुड़े होने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस कंपनी के जरिए बड़ी संख्या में लोगों की रकम से संबंधित गड़बड़ी की गई। उन्होंने इस पूरे मामले में अकबर तिगाला की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कई जिलों में DMF मद से करोड़ों रुपए के काम दिलाने का भरोसा देकर ठेकेदारों से एडवांस कमीशन लिया गया। काम नहीं मिलने के बाद रकम लौटाने के लिए चेक दिए गए, लेकिन शिकायतकर्ता के मुताबिक इनमें से कुछ चेक बाउंस हो गए।
शिकायतकर्ता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के आधिकारिक लेटरपैड के कथित अनधिकृत इस्तेमाल की भी जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा निजी फर्म के जरिए सरकारी राशि के उपयोग, कथित अग्रिम भुगतान, वित्तीय लेन-देन और आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं ने अकबर तिगाला को पार्टी से निष्कासित करने और आरोपों की पुष्टि होने पर FIR दर्ज करने की मांग की है। ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। भाजपा नेता अकबर तिगाला ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता असरार अहमद के साथ उनका व्यक्तिगत विवाद है। इसी विवाद के चलते उनके खिलाफ शिकायत की गई है।
तिगाला ने बताया कि उन्होंने भी असरार अहमद के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े की शिकायत की है। उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय, एसीबी-ईओडब्ल्यू, जीएसटी विभाग और बालोद कलेक्टर-एसपी को शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।