आयुक्त संबित मिश्रा का सघन निरीक्षण, बारिश पूर्व नालों की सफाई तेज करने के निर्देश

छग

Update: 2026-05-16 18:09 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने शनिवार को शहर के विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण कर बारिश पूर्व नालों की सफाई कार्य की प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोन अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की सफाई कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो सके।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बड़े नालों की सफाई के लिए आवश्यकता अनुसार पोकलेन मशीनों का उपयोग किया जाए और कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के समय जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए सभी जोन में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। निरीक्षण के दौरान जोन-8 अंतर्गत उदया सोसायटी, टाटीबंध क्षेत्र का भी जायजा लिया गया, जहां गंदे पानी की निकासी की समस्या सामने आई। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिया कि क्षेत्र का शीघ्र सर्वे कर नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जाए तथा डीपीआर बनाकर सक्षम स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाए। साथ ही उन्होंने राज्य लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर तत्काल सफाई और निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने टाटीबंध ढांचा भवन और बिजली ऑफिस लाइन क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (NHAI) को पत्र लिखकर नाला चौड़ीकरण और निकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि बारिश से पहले स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके। जोन-1 क्षेत्र में मुर्राभट्ठी, गुढ़ियारी दही हांडी मैदान के पास नाला और गोगांव नाला की सफाई का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों को सफाई कार्य में तेजी लाने और अगले कुछ दिनों में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जोन-2 में रजबंधा मैदान, सुभाष नगर, मौदहापारा, चारमुहा नाला और WRS नाला की सफाई कार्य की भी समीक्षा की गई।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आने वाले 4 से 5 दिनों में सभी प्रमुख नालों की सफाई कार्य पूर्ण किया जाए और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या से बचाव के लिए यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। लगभग साढ़े तीन घंटे चले इस निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त स्वास्थ्य, सभी जोन कमिश्नर और कार्यपालन अभियंता भी मौजूद रहे। आयुक्त ने सभी अधिकारियों से कहा कि बारिश पूर्व तैयारी को गंभीरता से लिया जाए और फील्ड में नियमित निगरानी रखी जाए।
Tags:    

Similar News