कॉलेज छात्र के साथ लूटपाट, बिलासपुर में दो बदमाश गिरफ्तार

Update: 2026-07-29 07:31 GMT

बिलासपुर। कॉलेज जा रहे एक छात्र को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। रास्ते में लिफ्ट लेने वाले युवक ने अपने साथी को भी बाइक पर बैठा लिया और सूनसान इलाके में दोनों ने मिलकर छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद मोबाइल, ईयरबड्स, नकदी और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकंडा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को मुंगेली नाका निवासी सूरज कुमार श्याम (18) अपने मित्र योगेश कुमार की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (सीजी 16 सीयू 2410) से कॉलेज जा रहा था। इसी दौरान डीएलएस कॉलेज रोड स्थित अशोक नगर चौक के पास एक युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। छात्र के बाइक रोकने पर वह पीछे बैठ गया।

आरोप है कि बाइक पर बैठने के बाद युवक ने आगे चलने का दबाव बनाया और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। मुरूम खदान के पास उसने अपने साथी चेतन पाल को भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद खदान के समीप स्थित शिव मंदिर के पास दोनों आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ, मुक्के, लात तथा पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आई। मारपीट के बाद आरोपी पीड़ित का रेडमी मोबाइल फोन, बोट कंपनी के ईयरबड्स, 200 रुपये नकद तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 309(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने पर दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ईयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए गए। गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस राज उर्फ जानू (29), पिता स्व. प्रमोद ठाकुर, निवासी तिफरा, यदुनंदन नगर, थाना सिरगिट्टी, और चेतन पाल (25), पिता ओंकार पाल, निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास, थाना सरकंडा, बिलासपुर शामिल हैं।

Tags:    

Similar News

null