कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 25 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस

छग

Update: 2026-02-10 16:48 GMT
Mungeli. मुंगेली। मुंगेली जिला कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों में अनुशासन और समयपालन को लेकर कड़ा संदेश दिया है। निरीक्षण के दौरान 25 अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कलेक्टोरेट स्थित कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए नजूल शाखा, भू-अभिलेख शाखा, शिक्षा विभाग, डीएमएफ शाखा, डिजिटल अभिलेखागार, खेल विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सहकारिता विभाग, आदिवासी विकास विभाग, अंत्यावसायी विभाग, रीडर व आवक-जावक शाखा, समाज कल्याण विभाग, वरिष्ठ लिपिक शाखा, शिकायत शाखा, स्थापना शाखा, अधीक्षक कक्ष और आबकारी विभाग सहित कई अन्य विभागों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और समयपालन की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालयों में समय पर न पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और लापरवाही को किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों में कार्यालयीन कामों में समयबद्धता और पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। जिन अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी, अंत्यावसायी विभाग के कार्यपालन अधिकारी देवेन्द्र जांगड़े, जिला उद्योग विभाग केन्द्र के महाप्रबंधक किशोर राजपूत और सहायक प्रबंधक उत्तम दुबे, भू-अभिलेख शाखा के अधीक्षक रिचा गुप्ता और सहायक अधीक्षक भूमिका तिवारी शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न विभागों के सहायक ग्रेड 2 और 3, स्टेनोटायपिस्ट और डाटा एंट्री ऑपरेटर को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि कार्यालयों की कार्यक्षमता और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अनुशासन और समयपालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि इस तरह के औचक निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएंगे ताकि कार्यालयीन कार्यशैली में सुधार और आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कलेक्टर ने यह भी कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चाहिए कि वे अपने कार्यस्थल पर समय पर पहुंचे, अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं और कार्यालय में अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे कार्यालयों में किसी भी प्रकार की कार्य विलंब या लापरवाही का अनुभव करें तो इसकी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। इस औचक निरीक्षण के माध्यम से जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मुंगेली जिले में सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी का पूरी तरह पालन करना अनिवार्य है।
Tags:    

Similar News