कलेक्टर वसंत ने सहकारी समिति, संजय पार्क एवं खैरबार बांध का किया निरीक्षण

छग

Update: 2026-06-17 17:12 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को जिले के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सहकारी समिति केंद्र करजी में किसानों को खाद-बीज वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया, संजय पार्क में प्रस्तावित बटरफ्लाई पार्क स्थल तथा खैरबार बांध के प्रस्तावित सौंदर्यीकरण स्थल का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अजीत वसंत ने सहकारी समिति केंद्र करजी पहुंचकर किसानों को खाद-बीज एवं उर्वरकों के वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने
समिति प्रबंधन
को निर्देशित किया कि किसानों को निर्धारित समय-सीमा में खाद-बीज उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहे। कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने को कहा।

कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों के खातों में अधिक मात्रा में खाद की प्रविष्टि कर कम वितरण किए जाने जैसी शिकायतें किसी भी परिस्थिति में प्राप्त नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समिति प्रबंधक को रिकॉर्ड संधारण, स्टॉक पंजी के नियमित अद्यतन तथा खाद वितरण व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अम्बिकापुर के संजय पार्क का निरीक्षण करते हुए वन विभाग द्वारा प्रस्तावित बटरफ्लाई पार्क स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बटरफ्लाई पार्क बच्चों, विद्यार्थियों एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है। इसके लिए पार्क में विभिन्न प्रजातियों की बटर फ्लाई, वन्यजीवों एवं जैव विविधता से संबंधित रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदर्शित की जाए, ताकि आगंतुकों को मनोरंजन के साथ-साथ शैक्षणिक जानकारी भी प्राप्त हो सके।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के निर्देशानुसार कलेक्टर अजीत वसंत ने खैरबार बांध के प्रस्तावित सौंदर्यीकरण स्थल का निरीक्षण किया। खैरबार बांध को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए यहां पाथवे, पगौड़ा, नेचर ट्रेल एवं आकर्षक लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाए, जिससे खैरबार बांध जिले में पर्यटन की नई पहचान बन सके। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान डीएफओ अभिषेक जोगावत, डीआरसीएस सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News