बिलासपुर। यूनिटी हॉस्पिटल में नर्सिंग छात्रा की मौत एनेस्थेसिया के ओवरडोज से होने की आशंका है। स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर कलेक्टर अवनीश शरण ने अस्पताल में 15 दिनों तक नए मरीजों की भर्ती बैन कर दिया है।

अब इस केस में पुलिस भी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज करने की तैयारी में है। दरअसल, परिजनों ने पुलिस को बताया कि सर्जरी से पहले छात्रा को गलत तरीके से एनेस्थेसिया दी गई, जिसके बाद वो कोमा में चली गई। उन्होंने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। दरअसल, मुंगेली जिले के सिलदहा की रहने वाली किरण वर्मा (21 साल) मोपका शासकीय नर्सिंग कॉलेज में थर्ड ईयर की छात्रा थी। वो बिलासपुर में रहती थी। इस दौरान उसके गले में थायराइड की गांठ होने की जानकारी मिली।

डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए सर्जरी कराने की सलाह दी थी। जिस पर वो 7 मार्च को परिजन के साथ यूनिटी हॉस्पिटल पहुंची थी। सभी जरूरी टेस्ट के बाद उसे शाम को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया। जिसके बाद उसे एनेस्थेसिया दिया गया, जिससे वो बेहोश हो गई। फिर झटके के साथ कोमा में चली गई। आनन-फानन में उसके गले में छेद कर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया और उसे आईसीयू में भर्ती कर दिया।

Tags: