Raipur. रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अफसर-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. सिंह ने सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जननी पोर्टल (एमसीएच), टीबी कार्यक्रम, यू-विन पोर्टल (टीकाकरण), एचपीवी टीकाकरण, लेप्रोसी (एलसीडीसी), शिशु संरक्षण माह, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड, सीएम हेल्पलाइन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी प्रकार की डाटा एंट्री 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। जननी पोर्टल में एंट्री नहीं करने वाले निजी अस्पतालों की लाइन लिस्टिंग करने तथा आवश्यकता होने पर उन्हें बैठक में बुलाकर जवाब तलब करने कहा। लंबित एंट्री एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज से एंट्री नहीं होने पर गायनी विभाग के अधिकारियों को अगली बैठक में बुलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिले में मात्र 17 प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई, और चिंताजनक बताया। शहरी रायपुर में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति भी बहुत कम पाई गई। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. श्वेता सोनवानी ने विशेष टीकाकरण कैच-अप अभियान एवं शिशु संरक्षण माह के दौरान लक्ष्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर ने जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतानों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही एनसीडी पोर्टल में एंट्री की स्थिति सुधारने कहा। संस्थागत प्रसव, हाई रिस्क प्रेगनेंसी, मातृ मृत्यु, एनआरसी, मलेरिया सहित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्रीकुमार बिश्वरंजन ने सीएचओ भर्ती की स्थिति की जानकारी ली और भर्ती प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। सभी अधिकारी फील्ड विजिट कर योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुमार बिश्वरंजन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. भेनूज सिन्हा सहित सभी कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय बीएमओ, बीपीएम, बीईटीओ, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।