Raigarh. रायगढ़। जिला जेल रायगढ़ का आज सुबह जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मयंक चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जेल परिसर पहुंचकर स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाएं और बंदियों को उपलब्ध मूलभूत व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण किया और बंदियों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने बंदियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। कई बंदियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अधिवक्ताओं से मुलाकात की प्रक्रिया तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे। कलेक्टर और एसएसपी ने इन बिंदुओं पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों ने पूर्व में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर की भी जानकारी ली। बताया गया कि शिविर के दौरान नेत्र रोग से पीड़ित बंदियों की जांच कर उन्हें चश्मों का वितरण किया गया था। साथ ही अस्वस्थ बंदियों को फल वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील पहल की गई। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जेल परिसर में मौजूद बंदियों के परिजनों से भी अधिकारियों ने चर्चा की। परिजनों ने मुलाकात व्यवस्था को सरल और व्यवस्थित बनाने तथा प्रतीक्षा अवधि कम करने की मांग रखी। इस पर अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर करने और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों के अधिकारों की रक्षा करना, सुधारात्मक वातावरण का निर्माण करना और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों और समय-समय पर समीक्षा की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को सतत सुदृढ़ रखने, निगरानी प्रणाली को प्रभावी बनाने और संवेदनशील मामलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर बल दिया। निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने जेल प्रशासन को नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक गोवर्धन सिंह सोरी, एसडीएम महेश शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। संयुक्त निरीक्षण से जेल की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और सुधारात्मक प्रयासों को बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Tags: