नारायणपुर। कलेक्टर रघुवंशी ने आज अपने ओरछा प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र काआकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर रघुवंशी ने ओरछा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर आमजनों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंभीर और आकस्मिक चिकित्सा के लिए दिये जा रहे उपचार सेवाओं के अलावा पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में ईलाज के लिए भर्ती मरीजों से भी बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछा। कलेक्टर ने अस्पताल में चल रही गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र के पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, लेबर रूम सहित अन्य वार्डो का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सदानन्द कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शर्मा, सीएचएमओ डॉ कंवर, उपसंचालक कृषि बीएस बघेल, कार्यक्रम अधिकारी महिला व बाल विकास विभाग रविकांत ध्रुर्वेे, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग अजय चौधरी, कार्यपालन अभियंता पीएमजीएसवाई विनय वर्मा, खाद्य अधिकारी हुलेश डडसेना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणपुर घनश्याम जांगड़े के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर रघुवंशी ने अस्पताल परिसर में संचालित सभी कक्षों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये।
पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) में न हो कोई बेड खाली
ओरछा विकासखंड में संचालित पोषण पुर्नवास केन्द्र का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। कलेक्टर ने पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) में खाली और भरे बेड की जानकारी ली तथा उनकी माताओं से आत्मीय बातचीत की। कलेक्टर ने कहा कि ईलाके के गंभीर और कुपोषित बच्चों को माताओं के साथ पोषण पुर्नवास केन्द्र (एनआरसी) लाया जाएं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक आहार देकर सुपोषित किया जाएं। इस दौरान उन्होंने स्टोर रूम का अवलोकन किया और जीवनरक्षक दवाईयों की उपलब्धता देखी।.