Raigarh. रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रायगढ़ जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। इसी क्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्टर निवास परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए किए गए संघर्षों और बलिदानों को याद करने का अवसर देता है। यह दिन हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वे आम जनता तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। कार्यक्रम में कलेक्टर निवास के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया। हर जगह देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ आजादी के इस महापर्व का उत्सव मनाया गया। कलेक्टर निवास में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम भी गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की प्रगति, जनसेवा और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने का संकल्प दोहराया।