कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

छग

Update: 2023-09-05 16:15 GMT
बिलासपुर। जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज जिले के आम लोगों के साथ ही बुजुर्ग, महिलाएं व ग्रामीण किसान अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्टर के समक्ष पहंुचे। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने सभी की समस्याओं को बड़े ही इत्मीनान के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए।
जिले के घुटकू ग्राम के निवासी सुरेन्द्र कुमार चौहान की और से नहरों में पीचिंग कार्य नहीं होने के कारण सिंचाई कार्य में आ रही बाधा को दूर करने के संबंध में कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखी गई। कलेक्टर झा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए। कोटा ब्लॉक के भैंसाझार के ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत में ही नवीन धान खरीदी उपकेंद्र खोले जाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि रतनपुर से कोटा के मध्य पुल क्षतिग्रस्त होने से वर्तमान में धान विक्रय हेतु जाने में समस्या हो रही है। मस्तूरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत लोहर्सी की सरपंच, पंच एवं अन्य ग्रामीण ने कलेक्टर को बताया कि उनके ग्राम के कुछ व्यक्तियों की ओर से आम रास्ते पर बाऊंड्री वॉल का निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने कलेक्टर के समक्ष गांव के लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए अवैध निर्माण को हटाने व पुनः निकासी बहाल करने की बात रखी।
कलेक्टर ने उक्त समस्या के निराकरण के लिए मस्तूरी तहसीलदार को इसकी जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कोटा विकासखण्ड निवासी रामदीन की ओर से नेशनल हाईवे निर्माण हेतु अधिग्रहित की गई भूमि की मुआवजा राशि के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्या रखी गई। इस संबंध में कलेक्टर झा ने समस्या के जल्द निराकरण किये जाने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने बिल्हा ब्लॉक के ग्राम गढ़वट के किसानों की मांग पर भकरबंधा तालाब से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने के निर्देश दिए। मछली पालन के लिए ठेकेदार द्वारा पानी छोड़ने से इंकार किया जा रहा था।
Tags:    

Similar News