’कलेक्टर ने नीट में सफल विद्यार्थियों का किया सम्मान, मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं’
छग
Narayanpur. नारायणपुर। जिला प्रशासन द्वारा संचालित परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर, गरांजी ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देकर जिले का नाम रोशन किया है। नीट-2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने मिठाई खिलाकर, उपहार भेंट कर एवं सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि जिले के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफलता अर्जित करना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
परियना जेईई/नीट आवासीय कोचिंग सेंटर के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विज्ञान संकाय के कुल 102 छात्र-छात्राओं ने नीट-2026 परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 11 विद्यार्थियों ने सफलता पूर्वक परीक्षा क्वालीफाई किया। परियना के दो छात्राएं भावनी मांझी का शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम हेतु चयन सुनिश्चित हो चुका है, जबकि श्वेता ठाकुर के भी शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में चयन की प्रबल संभावना है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, एसडीएम डॉ सुमित गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे सहित शिक्षकगण उपस्थित थे।