कलेक्टर ने पटवारी को दिया अतिरिक्त प्रभार

Update: 2022-11-12 03:04 GMT

अंबिकापुर। विकासखंड अंतर्गत सोनपुर व शिवप्रसादनगर में अब तक धान खरीदी की शुरुआत नही हो सकी है। किसानों के टोकन कटने के बावजूद भी धान खरीदी करने वाला कोई नहीं है, जिससे किसान हालाकान व बेबस हैं। जबकि किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीदने के लिए उक्त दोनों समितियों में प्रशासनिक स्तर पर धान खरीदी प्रभारी कलेक्टर ने नियुक्त कर दिया है।

इसके बावजूद सोनपुर और शिवप्रसादनगर में अब तक धान खरीदी शुरू नहीं हो पाने पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक नवंबर से प्रारंभ कर दी गई है। 10 दिन बाद भी भैयाथान के सोनपुर व शिवप्रसाद नगर में धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी शुरू नही होने से राज्य शासन और जिला प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। किसानों के लिए भी धान बेचना परेशानी का सबब बना हुआ है।

अब किसान भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर इन दो समितियों में ऐसा क्या होता है कि सरकारी कर्मचारी भी धान खरीदी करने से कतरा रहे हैं, जबकि इस वर्ष उन दोनों समितियों में पटवारी को खरीदी प्रभारी बनाया गया है। ये सरकारी-कर्मचारी भी इस जुगत में लग गए हैं कि किसी प्रकार से खरीदी प्रभारी की जिम्मेदारी से उन्हें मुक्ति मिल जाए।

Tags:    

Similar News