कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने आयुष्मान कार्ड का शत- प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने शनिवार को दानसरा ग्राम में आयोजित सेक्टर बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड शिविर की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई और शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर तत्काल क्रियान्वयन के कड़े निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं की सफलता केवल कागज़ों पर नहीं, बल्कि वास्तविक लाभार्थियों तक सेवाओं के प्रभावी पहुंचाने में निहित है। उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया।
आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय कर्मचारियों को समन्वित प्रयास करने और गांव-गांव जाकर लाभार्थियों की जानकारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डिप्टी कलेक्टर सह ओआईसी (स्वास्थ्य विभाग) शिक्षा शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर एल सिदार, जिला समन्वयक (आयुष्मान भारत) रोशन सचदेव, सेक्टर प्रभारी और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने कलेक्टर को योजनाओं की वर्तमान स्थिति, शिविरों के दौरान प्राप्त लाभार्थियों की संख्या और शिविरों के संचालन में आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि केवल कार्ड वितरण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी और मार्गदर्शन भी सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक ग्राम में नियमित रूप से शिविर आयोजित करें।
सूचीबद्ध पात्र लाभार्थियों को ट्रैक करें और रिपोर्टिंग प्रक्रिया को सुचारू बनाएं। बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया। आयुष्मान भारत योजना के साथ-साथ जिले में चल रही अन्य स्वास्थ्य योजनाओं जैसे टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम और प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं का समन्वित अवलोकन किया जाएगा। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के सही क्रियान्वयन से न केवल लाभार्थियों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि पूरे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य अभियान के प्रति जागरूकता फैलाएं और ग्रामवासियों को योजनाओं के लाभों के बारे में जानकारी दें। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर सेक्टर स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाए, ताकि कार्यों की पूर्णता और योजनाओं के लक्ष्य सुनिश्चित किए जा सकें। इस बैठक से स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट संदेश मिला कि अधिकारी और कर्मचारी सक्रियता, समन्वय और प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से जिले में सभी स्वास्थ्य योजनाओं को पूर्ण रूप से सफल बनाएं।