सरसीवा नगर पंचायत का कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने किया औचक निरीक्षण

छग

Update: 2026-03-13 13:56 GMT
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सरसीवा नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पंचायत की राजस्व वसूली, सफाई व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति तथा नगर में चल रहे अन्य कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पंचायत की टैक्स वसूली की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस पर नगर पंचायत के
मुख्य नगरपालिका
अधिकारी (सीएमओ) राकेश कुमार साहू ने बताया कि पिछले एक वर्ष में नगर पंचायत द्वारा लगभग 33 लाख रुपये का राजस्व संग्रह किया गया है। कलेक्टर ने राजस्व वसूली को और बेहतर बनाने तथा लंबित करों की वसूली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

नगर में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा। सीएमओ ने बताया कि नगर में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए डस्टबिन की खरीदी के लिए ऑर्डर जारी किया गया है। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू करने की भी योजना है। हालांकि फिलहाल इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही यह व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नगर की मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरे की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित पुराने स्कूल भवन को डिसमेंटल करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जर्जर भवन किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए उसे जल्द हटाकर स्थान का सुरक्षित उपयोग किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी दुरुस्त करने और खराब लाइटों को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में अब तक 31 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 7 आवासों का निर्माण कार्य जारी है। वहीं करीब 756 परिवारों के मकान आबादी भूमि पर होने के कारण उनके आवास स्वीकृति के लिए सत्यापन प्रक्रिया चल रही है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद पात्र हितग्राहियों को भी आवास योजना का लाभ दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सरसीवा बस स्टैंड में शौचालय निर्माण की मांग भी कलेक्टर के समक्ष रखी।

इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को जल्द से जल्द शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों और आम लोगों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा कलेक्टर ने सरसीवा से सराईपाली रोड पर चल रही अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और जहां भी अवैध कब्जा है, वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि नगर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों को स्वच्छता, रोशनी, आवास और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने तथा समय-समय पर कार्यों की समीक्षा करते रहने के निर्देश दिए।
Tags:    

Similar News