रायपुर में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की समय सीमा बैठक

छग

Update: 2026-04-21 14:58 GMT
Raipur. रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार 1 मई 2026 से सुशासन शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी की जाएं। कलेक्टर ने बताया कि यह शिविर नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों दोनों में आयोजित होंगे। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिविरों के सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें। शिविरों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

बैठक में 24 अप्रैल 2026 को पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि दीनदयाल सभागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं और प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़े प्रोजेक्ट्स की तैयारी पूरी करें और कार्यक्रम के दौरान उन्हें बेहतर तरीके से प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से जिले में हो रहे विकास कार्यों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हीट वेव की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारियों का निर्वहन समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनहित के कार्यों को समय पर पूरा करना और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे समन्वय बनाकर कार्य करें और शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाएं।
Tags:    

Similar News