कलेक्टर अजीत वसंत की सख्ती, समय सीमा में काम नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी

छग

Update: 2026-03-24 15:23 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विगत बैठकों और निरीक्षणों में दिए गए निर्देशों का पालन समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने आम नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर वसंत ने विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम जनदर्शन और पीजी पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निराकरण अधिकतम 7 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में नकल एवं प्रतिलिपि शाखा को सुदृढ़ करें, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही सम्भागायुक्त न्यायालय से मांगे गए रिकॉर्ड समय पर भेजने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने जिले में जन्म प्रमाण पत्र निर्माण की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसे तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र निर्माण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों के दस्तावेज पूर्ण हैं, उनके प्रमाण पत्र 10 अप्रैल तक हर हाल में तैयार किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभ से वंचित माताओं की जानकारी लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि बैंक खाते के अभाव में यदि कोई महिला लाभ से वंचित है, तो उसका तत्काल खाता खुलवाने की व्यवस्था की जाए। निरीक्षण व्यवस्था को मजबूत करने पर भी कलेक्टर ने जोर दिया। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का नियमित निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं का जायजा लें। धान उठाव की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिया कि मार्च माह के भीतर ही शेष धान का उठाव पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण, डीएमएफ के तहत निर्माण कार्यों और जनगणना से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अवैध गतिविधियों पर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जिला खनिज अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों और रेत खनन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का खनन कार्य संचालित न हो, इसके लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में आईपीएस राहुल बंसल, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, नगर निगम कमिश्नर डी एन कश्यप सहित सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अजीत वसंत ने अंत में कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Tags:    

Similar News