Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान इस वर्ष अभूतपूर्व उत्साह और गति के साथ आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “धान खरीदी तिहार ने हमारे अन्नदाताओं के जीवन में अपार खुशियाँ भरी हैं।” प्रदेश में सुचारू और पारदर्शी तरीके से हो रही खरीद व्यवस्था ने किसानों में विश्वास बढ़ाया है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार किया है। प्रदेशभर में संचालित धान खरीदी महाअभियान के अंतर्गत अब तक 22.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। राज्य सरकार द्वारा बनाए गए सभी पंजीकृत धान खरीद केंद्रों में खरीद की प्रक्रिया तेज गति से जारी है। आंकड़ों के अनुसार अब तक 4.39 लाख से अधिक किसानों ने अपना धान बेचा है, जो इस अभियान की व्यापकता और सफलता को दर्शाता है। किसानों के पंजीयन, तौल और भुगतान की डिजिटल प्रक्रिया के कारण इस वर्ष खरीद में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ी हैं। सरकार ने किसानों को खरीद के तुरंत बाद भुगतान सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है।


उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक किसानों को अब तक 5,277 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इससे किसानों के घरों में आर्थिक मजबूती आई है और रबी सीजन की तैयारियों में उन्हें राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक लेन-देन नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, विश्वास और समृद्धि का प्रतीक है। राज्य में इस बार धान खरीदी को ‘तिहार’ के रूप में मनाए जाने का निर्णय भी किसानों के बीच उत्सव का माहौल बना रहा है। गांवों में खरीदी केंद्रों के आसपास चहल-पहल बढ़ी है और
किसान
उत्साह के साथ अपनी उपज बेचने पहुंच रहे हैं।

सरकार का दावा है कि किसी भी किसान को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े, इसके लिए परिवहन, तौल और भंडारण की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौसम की अनुकूलता और बेहतर उत्पादन के चलते इस वर्ष खरीदी के आंकड़े और बढ़ने की संभावना है। सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर केंद्रों में पहुंचकर अपनी उपज बेचें, जिससे प्रक्रिया और सुचारू हो सके। धान खरीदी अभियान के सफल संचालन से स्पष्ट है कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। धान खरीदी तिहार के माध्यम से किसानों की मेहनत को सम्मान देने और उनकी खुशहाली सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है।
Tags: