जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में 9.65 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 9 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन कार्यों में अधोसंरचना से जुड़ी विभिन्न परियोजनाएं शामिल हैं, जो क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
कुडूकेला विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण से अनेक गांवों को बेहतर एवं सुगम विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा, नई सड़क एवं पुलिया परियोजनाएं ग्रामीण संपर्क को और अधिक मजबूत बनाएंगी।
जशपुर के बच्चों को अब घर बैठे मिलेगा गणित सीखने का अवसर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गत दिवस अपने निवास बगिया से जिले की अभिनव शैक्षणिक पहल ‘जश लर्न’ का शुभारंभ किया। फरसाबहार में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब इसे पूरे जिले में विस्तार दिया जाएगा। शिक्षक, पालक और विद्यार्थियों की सहभागिता से संचालित इस पहल के माध्यम से फोन आधारित मार्गदर्शन द्वारा बच्चों की गणितीय दक्षता और आत्मविश्वास को नई मजबूती मिलेगी। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत शैक्षणिक नींव के लिए सुशासन सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम डोंडराही में वनवासी कल्याण आश्रम के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का त्याग, साहस और राष्ट्रसमर्पित जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने बैगाटोली करमा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, कुदमुरा नांदो टोली में रंगमंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, कुदमुरा पतराटोली (डिबा टोली) में सांस्कृतिक मंच निर्माण हेतु 7 लाख रुपये और केशव घर के समीप स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मंच निर्माण के लिए 7 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की।
‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’
प्रदेश के 23 जिलों में प्रारंभ होने जा रहे इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न विभागों की 31 प्रमुख योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।